रोबिट गुप्ता / बलरामपुर जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन को लेकर लगातार उठ रहे सवालों और एम खबर द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आता नजर आया। जिले में खनिज संपदा के अवैध उत्खनन पर रोक लगाने के लिए अब प्रशासनिक स्तर पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजपुर श्री देवेंद्र प्रधान के नेतृत्व में खनिज विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने महान नदी क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में लगे 2 टिपर वाहनों को जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार संयुक्त टीम द्वारा ग्राम धंधापुर एवं परसवार कला क्षेत्र में निरीक्षण किया गया। इस दौरान महान नदी से बिना वैध दस्तावेज के रेत का परिवहन करते हुए दो टिपर वाहन पकड़े गए। टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर बरियों चौकी के सुपुर्द कर दिया। बताया जा रहा है कि लंबे समय से महान नदी क्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन का खेल जारी था, जिससे शासन को राजस्व की हानि के साथ-साथ नदी और पुलों की संरचना पर भी खतरा बढ़ता जा रहा था
एम खबर ने लगातार अवैध रेत उत्खनन और माफियाओं की सक्रियता को लेकर खबरें प्रकाशित की थीं। इसके बाद प्रशासन द्वारा की गई यह कार्रवाई अब चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रही तो अवैध खनन पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है।
प्रशासन की ओर से साफ कहा गया है कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
