ROBIT GUPTA -6260677329
डेस्क न्यूज बलरामपुर – जिलेवासियों की लंबे समय से चली आ रही रेलवे रिजर्वेशन काउंटर की मांग अब जल्द पूरी होने की उम्मीद है आदिम जाति एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर बलरामपुर जिला मुख्यालय में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू करने की मांग रखी।
मंत्री रामविचार नेताम ने केंद्रीय रेल मंत्री से बलरामपुर जिला मुख्यालय में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू कराने का आग्रह किया। इस पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सहमति जताते हुए जल्द मांग पूरी करने का आश्वासन दिया है।
लंबे समय से थी काउंटर की मांग
बलरामपुर जिले में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर नहीं होने के कारण यात्रियों को टिकट आरक्षित कराने के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, मरीजों और आम नागरिकों को समय और अतिरिक्त धन खर्च करना पड़ता है मंत्री नेताम ने अपने पत्र में कहा कि क्षेत्र के नागरिक और जनप्रतिनिधि लंबे समय से बलरामपुर में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर खोलने की मांग कर रहे हैं जिले की बढ़ती आबादी और रेल यात्रा की जरूरतों को देखते हुए अब यह सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी हो गया है।
दूर नहीं जाना पड़ेगा
रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू होने के बाद जिले के लोगों को रेल टिकट आरक्षण के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे यात्रियों का समय और खर्च दोनों बचेंगे। वहीं, जिला मुख्यालय में रेलवे से जुड़ी सुविधा उपलब्ध होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है
मंत्री रामविचार नेताम की पहल और केंद्रीय रेल मंत्री की सहमति के बाद अब जिलेवासियों को रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू होने का इंतजार है।
