रोबिट गुप्ता
बलरामपुर /बलरामपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में खनिज विभाग की टीम द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत धौली लिबरा में संचालित रेत खदान का औचक निरीक्षण किया गया, जहां नियम विरुद्ध तरीके से मशीनों के माध्यम से रेत उत्खनन किए जाने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान चैन माउंटेड मशीन जब्त
खनिज विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची तो कन्हर नदी के किनारे एक चैन माउंटेड मशीन रेत उत्खनन में संलिप्त पाई गई। जांच में प्रथम दृष्टया मशीन का उपयोग नियमों के विपरीत रेत निकालने में किया जाना सामने आया। इसके बाद खनिज अमले ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मशीन को जब्त कर लिया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियम विरुद्ध उत्खनन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पांगन नदी क्षेत्र में लगातार मिल रही थीं शिकायतें
खनिज अधिकारी श्री राहुल गुलाटी ने बताया कि रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम पचावल स्थित पांगन नदी में वर्तमान में तीन रेत खदानें वैध रूप से स्वीकृत और संचालित हैं। इसके बावजूद विभाग को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि कुछ स्थानों पर मशीनों के माध्यम से अवैध उत्खनन किया जा रहा है। शिकायतों के आधार पर जब खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, तब नदी किनारे पोकलेन मशीन खड़ी मिली, जिसे रेत उत्खनन में संलिप्त पाए जाने पर जब्त कर लिया गया।
पूर्व में भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
खनिज अधिकारी ने बताया कि इससे पहले भी जिले में अवैध रेत खनन के मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। रामानुजगंज और रामचंद्रपुर क्षेत्र में पांगन नदी से अवैध तरीके से रेत निकालकर रैंप और रास्ता निर्माण करते हुए एक जेसीबी वाहन को पकड़ा गया था। जांच के दौरान वाहन चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया, जिसके बाद वाहन को जब्त कर संबंधित प्रकरण में एक लाख रुपये की शास्ति राशि वसूल कर शासकीय कोष में जमा कराई गई।
अवैध भंडारण पर भी विभाग की नजर
ग्राम पचावल में अवैध रूप से रेत भंडारण किए जाने की सूचना पर भी खनिज विभाग ने कार्रवाई की थी। जांच में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर विभाग ने एक जेसीबी और एक हाइवा वाहन को जब्त किया। इस मामले में 42 हजार 850 रुपये की शास्ति राशि वसूली कर शासन के खाते में जमा कराई गई। विभाग का कहना है कि केवल अवैध उत्खनन ही नहीं, बल्कि अवैध परिवहन और भंडारण पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।
मई 2026 में 19 वाहन जब्त
खनिज विभाग द्वारा राजपुर, बरियों और शंकरगढ़ क्षेत्र में भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभागीय जानकारी के अनुसार महान नदी और गलफूला नदी क्षेत्र में मई 2026 के दौरान अवैध रेत परिवहन करते हुए 19 वाहनों को जब्त किया गया है। जब्त किए गए वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से राजपुर थाना, बरियों चौकी और डिपाडीह पुलिस सहायता केंद्र में रखा गया है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में करोड़ों की कार्रवाई
विभागीय आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिलेभर में अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन और अवैध भंडारण से जुड़े कुल 152 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें से 142 मामलों का निराकरण करते हुए 35 लाख 2 हजार 524 रुपये की वसूली की गई। वहीं शेष प्रकरणों में नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नए वित्तीय वर्ष में भी जारी है अभियान
वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। अब तक 12 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें से 6 मामलों का निराकरण करते हुए 1 लाख 78 हजार 880 रुपये की वसूली की गई है। शेष मामलों में नोटिस जारी कर जांच प्रक्रिया जारी है।
खनिज विभाग ने दी सख्त चेतावनी
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। विभाग ने कहा है कि प्राकृतिक संसाधनों के दोहन और शासन को राजस्व हानि पहुंचाने वालों पर किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
