(रोबिट गुप्ता मो.6260677329)
डेस्क न्यूज बलरामपुर-: जिले में आम लोगों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन लगातार संवेदनशील पहल कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की पहल पर यूपीएससी की तैयारी कर रही छात्रा महिमा प्रजापति को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी हेतु आवश्यक अध्ययन सामग्री और पुस्तकें उपलब्ध कराई गईं।
पुस्तकें प्राप्त करने के बाद महिमा ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि उनके पिता खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण महंगी प्रतियोगी पुस्तकों की व्यवस्था कर पाना परिवार के लिए आसान नहीं था, जिससे उनकी तैयारी प्रभावित हो रही थी।
कलेक्टर के निर्देश पर अपर कलेक्टर आर.एन. पाण्डेय ने महिमा को यूपीएससी परीक्षा की तैयारी के लिए जरूरी पुस्तकें सौंपीं। इस दौरान उन्होंने महिमा का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियां किसी भी व्यक्ति के सपनों को नहीं रोक सकतीं, यदि उसके भीतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प हो। उन्होंने महिमा को निरंतर अध्ययन करते हुए अपने उद्देश्य पर केंद्रित रहने की सलाह दी।
वर्तमान में महिमा जिला ग्रंथालय में रहकर यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। उनका सपना प्रशासनिक सेवा में चयनित होकर समाज और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। आर्थिक चुनौतियों के कारण अध्ययन सामग्री की कमी उनके लिए बड़ी परेशानी बनी हुई थी, लेकिन प्रशासन की इस पहल से उनकी तैयारी को नई मजबूती मिली है।
जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले महिमा अपनी समस्या लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची थीं। इस दौरान कलेक्टर त्रिपाठी ने छात्रा से चर्चा कर उनकी परिस्थितियों को जाना। महिमा ने बताया था कि वह यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा की तैयारी कर रही हैं, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण आवश्यक पुस्तकें और अध्ययन सामग्री जुटाने में कठिनाई हो रही है। छात्रा की लगन और मेहनत को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल सहयोग का आश्वासन दिया था।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि जिला प्रशासन केवल योजनाओं के संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद और प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी किसी प्रतिभा के सपनों में बाधा न बने, इसके लिए प्रशासन हरसंभव मदद करने का प्रयास करेगा। साथ ही भविष्य में भी महिमा को अध्ययन संबंधी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया है।
