(ROBIT GUPTA MO.6260677329)
डेक्स न्यूज बलरामपुर/वाड्रफनगर-: जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
रिश्तेदार के घर जाते समय हुई वारदात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता रविवार को अपने फुफेरे भाई के साथ एक रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान रास्ते में तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने दोनों को जबरन अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़िता के फुफेरे भाई के हाथ-पैर बांधकर उसे बंधक बना लिया और युवती को अपने साथ ले गए।

बंधक बनाकर किया दुष्कर्म
आरोप है कि इसके बाद तीनों आरोपियों ने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के दौरान पीड़िता का भाई किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटने में सफल रहा और तत्काल पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस सक्रिय हुई और घटनास्थल के आसपास घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई/चिकित्सकीय परीक्षण
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते तीनों आरोपियों को कुछ ही समय में गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया तथा मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से न्यायालय ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।
एसडीओपी का बयान
मामले को लेकर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) रामावतार ध्रुवे ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच आक्रोश और चिंता का माहौल है। वहीं पुलिस का कहना है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
