(ROBIT GUPTA MO.6260677329)
बलरामपुर-: रामानुजगंज में सोशल मीडिया पर प्रदेश के मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ कथित रूप से अशोभनीय भाषा, गाली-गलौज का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले को गंभीर बताते हुए भारतीय जनता पार्टी मंडल रामानुजगंज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता थाना रामानुजगंज पहुंचे और दोषी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि सोशल media प्लेटफॉर्म पर सार्वजनिक रूप से मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिससे उनकी गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास हुआ है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह कृत्य केवल एक व्यक्ति विशेष का अपमान नहीं, बल्कि मर्यादाओं के विरुद्ध है।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि सभी नागरिकों का स्वतंत्रता का अधिकार है, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि के खिलाफ अश्लील भाषा, अपमानजनक टिप्पणी और धमकी देना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
कार्यकर्ताओं ने मांग की कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है।
इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के जिला प्रभारी एवं अधिवक्ता जयप्रकाश गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि शैलेश गुप्ता, भाजपा मंडल महामंत्री सिद्धांत यादव, भाजपा मीडिया प्रभारी आकाश गुप्ता तथा शुभम गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा पदाधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
