ROBIT GUPTA MO.6260677329
डेस्क न्यूज बलरामपुर / रामानुजगंज -: बलरामपुर जिले में वन संपदा के संरक्षण एवं अवैध कटाई-परिवहन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से वन विभाग लगातार सघन जांच अभियान चला रहा है। इसी क्रम में वन मंडलाधिकारी आलोक वाजपेई के निर्देश एवं वन परिक्षेत्राधिकारी डॉ. दिलरुबा बनो के नेतृत्व में रामानुजगंज वन परिक्षेत्र के कनहर बैरियर पर प्रातः 5 बजे विशेष जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान ट्रक क्रमांक CG 15 ED 9966 की तलाशी लेने पर उसमें परिवहन की जा रही लकड़ी के दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में दस्तावेज संदिग्ध एवं फर्जी पाए जाने पर वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक में लदी खम्हार, जामुन एवं नीलगिरि प्रजाति की कुल 89 नग लकड़ी,जिसकी अनुमानित मात्रा 22.074 घन मीटर है, को जब्त कर लिया।
इस संबंध में वन अपराध क्रमांक 21972/09 दर्ज किया गया। जब्त ट्रक एवं लकड़ी को नियमानुसार सुरक्षित अभिरक्षा में रखते हुए चोरपहारी डिपो में खड़ा कराया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर वन अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वन मंडलाधिकारी आलोक वाजपेई के मार्गदर्शन में वन विभाग द्वारा अवैध लकड़ी कटाई एवं परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग का उद्देश्य वन संपदा का संरक्षण करना तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। समय-समय पर बैरियरों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे वन अपराधों पर नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्राधिकारी डॉ. दिलरुबा बनो के नेतृत्व में वनपाल दयाशंकर, विजय बर्मन, सुसमा भगत, राजनाथ, पिंटू मालाकार, मंगल राम एवं निखिल सहित वन विभाग के कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई विभाग ने कहा है कि जंगलों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध लकड़ी कटाई और परिवहन पर कड़ी नजर रखी जा रही है तथा ऐसी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और नियमित कार्रवाई जारी रहेगी।
