रोबिट गुप्ता /बलरामपुर जिले में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साल लकड़ी से भरे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान 8 नग साल लट्ठा बरामद किए गए, जबकि मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध वनोपज कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, वनमण्डलाधिकारी श्री आलोक वाजपेयी के निर्देशन एवं उप वनमण्डलाधिकारी श्री अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र बलरामपुर की टीम लगातार अवैध वनोपज परिवहन पर नजर बनाए हुए थी। इसी दौरान सर्किल मानिकपुर अंतर्गत मानपुर क्षेत्र में अवैध साल लकड़ी परिवहन की सूचना वन विभाग को मिली। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।

जांच के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 64 टी 9601 को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें साल प्रजाति के 8 नग लट्ठा लोड पाए गए। पूछताछ में वाहन चालक और साथ मौजूद लोगों द्वारा लकड़ी परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। जब्त लकड़ी का कुल आयतन लगभग 1.915 घनमीटर बताया गया है।
मामले में ग्राम बानापती निवासी विष्णु गुप्ता एवं सर्वोत्तम गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। वन विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 41 एवं 52 तथा छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम 2001 के नियम 22 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल कराया गया।

वन विभाग के अधिकारियों ने साफ कहा है कि जंगलों की अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वन संपदा की सुरक्षा के लिए विभाग लगातार अभियान चला रहा है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध कटाई या लकड़ी परिवहन की जानकारी मिले तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
कार्रवाई के दौरान वनपरिक्षेत्राधिकारी श्री निखिल सक्सेना सहित वन विभाग की पूरी टीम मौके पर मौजूद रही। टीम में वनक्षेत्रपाल श्री धनश्याम शर्मा, वनपाल श्री प्रहलाद तिवारी, वनरक्षक श्री अजीत कुजूर, श्री शिवशंकर सिंह, श्री देवीलाल, श्री राजेश राम, श्री संजीव सिंह एवं श्री सरेन्द्र सिंह ओईके ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वन विभाग की सख्त कार्रवाई से अवैध लकड़ी तस्करों में खौफ का माहौल है। लगातार हो रही जब्ती और कार्रवाई से जिले में हड़कंप मचा हुआ है।
