रोबिट गुप्ता
बलरामपुर/ रामानुजगंज बलरामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के बलरामपुर से रामानुजगंज तक निर्माणाधीन सड़क कार्य में कथित अनियमितताओं, गुणवत्ता में कमी एवं निर्माण मानकों की अनदेखी को लेकर युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव एवं नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने तथा जिम्मेदार पक्षों पर आवश्यक कार्रवाई की मांग उठाई।

गुणवत्ता मानकों के उल्लंघन का आरोप
ज्ञापन में कहा गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता मानकों का समुचित पालन नहीं किया जा रहा है। सड़क निर्माण में मिट्टी भराई, सबग्रेड निर्माण एवं डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए गए हैं। पदाधिकारियों का आरोप है कि निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं दिखाई दे रही है तथा कई स्थानों पर आवश्यक तकनीकी परीक्षण एवं कम्पेक्शन प्रक्रिया का पर्याप्त पालन नहीं किया जा रहा।
पेटी कॉन्ट्रैक्ट में दिए जाने का आरोप
युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई पदाधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य को नियमों के विपरीत पेटी कॉन्ट्रैक्ट के माध्यम से कराया जा रहा है, जिससे तकनीकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। उनका कहना है कि निर्माण एजेंसी द्वारा गुणवत्ता नियंत्रण की प्रक्रिया में पर्याप्त पारदर्शिता नहीं बरती जा रही तथा निर्माण सामग्री की नियमित जांच भी आवश्यक स्तर पर नहीं हो रही है। इससे भविष्य में सड़क की टिकाऊ क्षमता प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

अवैध उत्खनन का भी आरोप
ज्ञापन में निर्माण कार्य के लिए उपयोग की जा रही मिट्टी एवं मोरम के उत्खनन को लेकर भी जांच की मांग की गई है। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि निर्माण सामग्री अवैध उत्खनन के माध्यम से लाई जा रही है, जिससे शासन को राजस्व हानि होने की संभावना है। साथ ही पर्यावरणीय नियमों के पालन को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। इस संबंध में खनिज विभाग एवं संबंधित एजेंसियों से विस्तृत जांच कराने की मांग की गई है।

आम जनता परेशान
निर्माणाधीन सड़क की वर्तमान स्थिति को लेकर भी संगठन ने चिंता व्यक्त की। ज्ञापन में कहा गया कि कई स्थानों पर सड़क उबड़-खाबड़ है तथा धूल एवं गड्ढों के कारण आम नागरिकों, मरीजों, विद्यार्थियों एवं राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं होने से धूल का गुबार बना रहता है, जिससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी दिक्कतें हो रही हैं। साथ ही निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा संकेतक एवं सावधानी संबंधी व्यवस्थाएं नहीं होने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
उच्च स्तरीय जांच की मांग
युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई नेताओं ने मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के निर्माण कार्य की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संगठन ने अवैध उत्खनन एवं नियम विरुद्ध पेटी कॉन्ट्रैक्ट की भी विस्तृत जांच कराने की मांग उठाई है।
आंदोलन और चक्काजाम की चेतावनी
एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव एवं नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह ने कहा कि यदि सात दिवस के भीतर मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन” एवं चक्काजाम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित होना आवश्यक है तथा आम जनता के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस महासचिव नीरज गुप्ता, जनपद सदस्य सी.बी. सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष जीत गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष एनएसयूआई निशांत चौबे, अबरार अंसारी, युवा कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष संदीप सिंह, राजा साहू, आयुष सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
