डेस्क न्यूज वाड्राफनगर/ बलरामपुर जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेंडारी में शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य बेला अनिल कुशवाहा ने पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

विद्यालय में इस शैक्षणिक सत्र में कुल 53 छात्राएं योजना के लिए पात्र थीं। इनमें से 45 छात्राएं कार्यक्रम में उपस्थित रहीं, जिन्हें मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों के हाथों साइकिलें प्रदान की गईं। शेष अनुपस्थित छात्राओं को शासन के नियमानुसार आगामी दिनों में साइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। साइकिल प्राप्त करते ही छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी। उन्होंने कहा कि अब विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और पढ़ाई नियमित रूप से कर सकेंगी।
मुख्य अतिथि बेला अनिल कुशवाहा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी ताकत और पूंजी है। शासन लगातार ऐसी योजनाएं संचालित कर रहा है, जिनका उद्देश्य बेटियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की कई छात्राओं को विद्यालय तक पहुंचने में दूरी और संसाधनों की कमी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। सरस्वती साइकिल योजना इन कठिनाइयों को दूर करने में प्रभावी साबित हो रही है। इससे छात्राओं की विद्यालय में नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और वे बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी।
कार्यक्रम में पूर्व जनपद अध्यक्ष प्रतापपुर जगत लाल आयाम, सुनीता आयाम एवं आशीष मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा पूरे समाज के विकास की आधारशिला है और शासन की ऐसी योजनाएं सामाजिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति की अध्यक्ष मानमती, समिति के सदस्य, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्याम किशोर जायसवाल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे छात्राओं का मनोबल बढ़ेगा और उनकी शिक्षा का सफर पहले से अधिक सुगम होगा।
सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य आर्थिक एवं भौगोलिक कारणों से शिक्षा में आने वाली बाधाओं को दूर करना है। विशेष रूप से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय तक सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराकर उन्हें नियमित रूप से शिक्षा से जोड़े रखना इस योजना का प्रमुख लक्ष्य है। इससे न केवल विद्यालयों में छात्राओं की उपस्थिति बढ़ रही है, बल्कि उनके आत्मविश्वास और उच्च शिक्षा के प्रति रुचि में भी सकारात्मक वृद्धि हो रही है।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने नई साइकिल मिलने पर शासन और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने इसे बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए विश्वास जताया कि यह योजना छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर शैक्षणिक उपलब्धियों का मार्ग प्रशस्त करेगी।
