डेस्क_ न्यूज बलरामपुर -: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर बलरामपुर जिले में 02 नवंबर को भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 2 बजे से हाईस्कूल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश और देश के ख्याति प्राप्त कलाकारों के साथ जिले के स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से परिवार सहित शामिल होकर सांस्कृतिक संध्या का आनंद लेने की अपील की है।

कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान रखी गई है। इसी थीम पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेंगी।
सांस्कृतिक संध्या में कसडोल का लोक मंथन दल जनजातीय नृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं को प्रस्तुत करेगा। वहीं बिलासपुर की वाईब्रेशन डांस एकेडमी पारंपरिक वेशभूषा में लोक नृत्य की प्रस्तुति देगी। संगीत प्रेमियों के लिए बनारस का अक्षत कलेक्टिव उप-शास्त्रीय और सुगम गायन से शाम को संगीतमय बनाएगा।

स्थानीय कलाकारों की भी होंगी 15 प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों और छात्रावासों के विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। उनकी ओर से छत्तीसगढ़ी स्वागत नृत्य, सुवा नृत्य शिव तांडव, कान्हा नृत्य सूफी डांस और घूमर सहित हरियाणवी अरुणाचली और नेपाली लोक नृत्य की प्रस्तुतियां दी जाएंगी इसके अलावा भेलवाडीह के पहाड़ी कोरवा कलाकारों का उड़िया लोक नृत्य और नारी सशक्तिकरण पर आधारित प्रस्तुति भी सांस्कृतिक संध्या का विशेष आकर्षण रहेगी।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से की अपील
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्योत्सव प्रदेश की संस्कृति, पहचान और विकास यात्रा का उत्सव है। इस वर्ष की थीम महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और युवाओं को आगे बढ़ाने के संकल्प को दर्शाती है। उन्होंने जिलेवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर स्थानीय कलाकारों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।
वहीं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि अतुल्य बलरामपुर रामानुजगंज’ की भावना के अनुरूप यह आयोजन जिले की प्रकृति संस्कृति और विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा। उन्होंने जिलेवासियों युवाओं और कला प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है।














