(रोबिट गुप्ता मो.6260677329)
डेस्क न्यूज/ बलरामपुर रामानुजगंज-: छत्तीसगढ़ और झारखंड को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय कनहर पुल के नीचे हो रहे अवैध बालू उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। एसडीएम आनंद नेताम के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। प्रशासन की इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहा है और इसे पुल की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम बताया है।
शिकायतों के बाद पहुंची टीम
जानकारी के अनुसार कनहर नदी में स्थित अंतरराज्यीय पुल के नीचे लंबे समय से अवैध रूप से बालू निकाले जाने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम आनंद नेताम ने राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर मौके का निरीक्षण कराया। जांच के दौरान दो ट्रैक्टर बालू उत्खनन में संलिप्त पाए गए, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया।

पुल की सुरक्षा पर जोर
कार्रवाई के दौरान एसडीएम आनंद नेताम ने कहा कि पुल के नीचे या उसके आसपास किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कनहर नदी पर बना यह पुल दोनों राज्यों के बीच आवागमन का प्रमुख मार्ग है और प्रतिदिन हजारों लोग इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। ऐसे में पुल की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
अवैध खनन से बढ़ सकता है खतरा
उन्होंने कहा कि लगातार बालू निकासी से पुल की नींव कमजोर होने का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही नदी की प्राकृतिक धारा प्रभावित होने से भविष्य में पुल की संरचना पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। समय रहते ऐसे मामलों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
संयुक्त टीम ने नदी क्षेत्र का निरीक्षण कर अवैध खनन में शामिल अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई है। जब्त ट्रैक्टरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है, वहीं अवैध उत्खनन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से पुल के नीचे अवैध बालू उत्खनन जारी था, जिससे पुल की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई थी। ग्रामीणों ने नियमित निगरानी और लगातार कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि क्षेत्र में पूर्व में अवैध रेत उत्खनन के कारण पचावल पुल को नुकसान पहुंच चुका है। ऐसे में कनहर पुल के नीचे हो रहे अवैध उत्खनन पर प्रशासन की यह कार्रवाई समय पर उठाया गया महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
