रोबिट गुप्ता-: मो.6260677329
बलरामपुर/ नगर पालिका परिषद रामानुजगंज में विकास कार्यों को नई गति देने के उद्देश्य से आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास, कृषि तथा पशुपालन मंत्री श्री रामविचार नेताम ने लगभग 14 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। काका लरंगसाय कम्युनिटी हॉल में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने तथा लोगों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श पुष्पा नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य बद्री यादव,मुंशी राम, कलेक्टर श चंदन संजय त्रिपाठी, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों की जानकारी साझा की गई तथा नगर के भविष्य की विकास योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
कन्हर नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने की पहल
नगर की जीवनदायिनी मानी जाने वाली कन्हर नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखने के लिए स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत 4 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने के बाद नगर का गंदा पानी सीधे नदी में नहीं जाएगा, बल्कि उसका उपचार किया जाएगा। इससे नदी का जल प्रदूषित होने से बचेगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय नागरिकों ने इस परियोजना को नगर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
सामाजिक भवनों और सार्वजनिक परिसरों को मिलेगी मजबूती
नगर में सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इनमें सबसे प्रमुख डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्वसमाज मांगलिक भवन का निर्माण है, जिस पर लगभग 2 करोड़ 41 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति तालाब और अटल स्मृति तालाब निर्माण कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं। इन परियोजनाओं से सामाजिक कार्यक्रमों और सार्वजनिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
सामुदायिक भवनों के उन्नयन पर जोर
नगर के विभिन्न वार्डों में स्थित सामुदायिक भवनों और सार्वजनिक परिसरों के विकास के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है। महाराणा प्रताप मंगल भवन का अहाता निर्माण, लरंगसाय कम्युनिटी हॉल में फ्लोरिंग कार्य, बिरसा मुंडा सामुदायिक भवन का उन्नयन, शिवचर्चा भवन के पास अहाता निर्माण तथा सांस्कृतिक भवन निर्माण जैसे कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों से सामाजिक गतिविधियों को नया विस्तार मिलेगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का होगा विकास
धार्मिक एवं जनआस्था से जुड़े स्थलों के विकास के लिए भी कई योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। शिव मंदिर तट पर घाट निर्माण, नावघाट में छठ घाट निर्माण, गौ मुक्तिधाम एवं मुक्तिधाम परिसर में अहाता निर्माण, महाराणा प्रताप प्रतिमा परिसर का विकास तथा लरंगसाय चौक के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य किए जाएंगे। इन निर्माण कार्यों से धार्मिक आयोजनों और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा।
जनसुविधाओं को मिलेगा विस्तार
नगरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर यात्री प्रतीक्षालय, शेड निर्माण और पेवर ब्लॉक लगाने के कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं। लरंगसाय चौक और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे नागरिकों को आवागमन और दैनिक गतिविधियों में सुविधा मिलेगी। इन कार्यों से नगर की आधारभूत संरचना और अधिक मजबूत होगी।
सड़कों के निर्माण से सुधरेगा आवागमन
रामानुजगंज नगर के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड निर्माण और सड़क टॉपिंग के अनेक कार्य स्वीकृत किए गए हैं। कई मोहल्लों और गलियों में नई सड़कें बनाई जाएंगी तथा पुरानी सड़कों का उन्नयन किया जाएगा। इससे लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों में भी कमी आएगी। सड़क निर्माण कार्यों से नगर के विभिन्न हिस्सों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
जल निकासी व्यवस्था को किया जाएगा मजबूत
नगर में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए विभिन्न वार्डों में आरसीसी नाली निर्माण के कई कार्य स्वीकृत किए गए हैं। दर्जनों स्थानों पर नई नालियां बनाई जाएंगी और पुरानी जल निकासी व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा। इससे बारिश के दौरान सड़कों और मोहल्लों में पानी भरने की समस्या कम होगी तथा स्वच्छता व्यवस्था में सुधार आएगा।
विकास कार्यों से बदलेगी नगर की तस्वीर
कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि कृषि मंत्री रामविचार नेताम के विशेष प्रयासों से स्वीकृत इन विकास कार्यों से रामानुजगंज नगर में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा। सड़क, नाली, सामुदायिक भवन, तालाब, घाट, यात्री प्रतीक्षालय और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्य पूरे होने के बाद नगर की तस्वीर बदलेगी। इन परियोजनाओं से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा रामानुजगंज विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
