(ROBIT GUPTA MO.6260677329)
बलरामपुर/रामचंद्रपुर-: बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बनापति खखरानाला पतरा पारा में वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी पहल हुई है। बरसात के दिनों में नाले में पानी भर जाने से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब जिला प्रशासन की पहल पर यहां 25 लाख रुपए की लागत से पुलिया निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

ग्राम पंचायत बनापति में बरसात के दौरान नाले का जलस्तर बढ़ जाने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो जाता था। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के साथ बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

समस्या लंबे समय से बनी हुई थी और स्थानीय लोग स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया और निर्माण कार्य को मंजूरी दी निर्माण कार्य ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा लगभग 25 लाख रुपए की लागत से कराया जा रहा है।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता के अनुरूप पूरा कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है साथ ही संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा पूरे कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
काम शुरू होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि निर्माण पूरा होने के बाद बरसात के दिनों में आवाजाही सुचारु बनी रहेगी और वर्षों पुरानी समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
सरपंच सहित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनकी पुरानी मांग अब पूरी होती दिखाई दे रही है।
