रोबिट गुप्ता -: मो.6260677329
बलरामपुर -: भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत जिले में 1 जून से 30 जून 2026 तक स्वनिधि महोत्सव, लोक कल्याण मेला एवं स्वनिधि कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अभियान का उद्देश्य पथ विक्रेताओं, शहरी गरीब परिवारों और असंगठित श्रमिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है।
व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले के सभी नगरीय निकायों द्वारा इस अभियान का व्यापक क्रियान्वयन किया जाएगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राही इसका लाभ प्राप्त कर सकें। आगामी दिनों में विभिन्न नगरीय निकायों में स्वनिधि मेले और विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
योजना का उद्देश्य और महत्व
कलेक्टर ने कहा है कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की एक महत्वपूर्ण पहल है। जून माह के दौरान आयोजित होने वाले स्वनिधि महोत्सव के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र पथ विक्रेताओं को योजना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। अभियान के दौरान ऋण सुविधा, डिजिटल भुगतान सेवाएं और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा।
ऋण एवं डिजिटल सेवाओं की सुविधा
अभियान के तहत पंजीकृत एवं अपंजीकृत दोनों प्रकार के पथ विक्रेताओं तक पहुंच बनाई जाएगी। पात्र हितग्राहियों के नए ऋण आवेदन स्वीकार किए जाएंगे तथा स्वीकृत लेकिन अप्रदत्त ऋण प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाएगा। इसके साथ ही यूपीआई और क्यूआर कोड ऑनबोर्डिंग, पीएम स्वनिधि मोबाइल एप इंस्टॉलेशन और डिजिटल लेनदेन संबंधी प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।
साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम
अभियान में बैंकों एवं वित्तीय संस्थाओं की भागीदारी के साथ साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की पहल
स्वनिधि महोत्सव के दौरान हितग्राहियों और उनके परिवारों को प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत योजना, श्रमिक पंजीयन सहित अन्य केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इससे पात्र परिवारों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता प्रशिक्षण
स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के सहयोग से खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षण के माध्यम से सुरक्षित खाद्य प्रबंधन और स्वच्छता मानकों की जानकारी दी जाएगी।
उत्कृष्ट हितग्राहियों का सम्मान
स्वनिधि महोत्सव के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पथ विक्रेताओं, महिला एवं दिव्यांग पथ विक्रेताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही पथ विक्रेताओं के बच्चों की शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों को भी मंच पर सम्मान प्रदान किया जाएगा।
अधिकाधिक लाभ लेने की अपील
जिला प्रशासन ने सभी पात्र पथ विक्रेताओं और असंगठित श्रमिकों से अपील की है कि वे स्वनिधि महोत्सव, लोक कल्याण मेला और स्वनिधि कैंप में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं तथा अपने आर्थिक और सामाजिक विकास की दिशा में आगे बढ़ें।
